श्रीनगर के डाउनटाउन में पत्थरबाजी
- फोटो : फाइल, अमर उजाला
अलकायदा से संबद्ध अंसार गज्वातुल हिंद से जुड़े आतंकी जाकिर मूसा के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद घाटी में दो दिन पहले लगाई गई पाबंदी को रविवार को हटा लिया गया। इससे जनजीवन पटरी पर लौट आया। इसी दौरान श्रीनगर के डाउनटाउन इलाके में कुछ युवाओं ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया। स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। इस बीच डाउनटाउन में दोबारा से पाबंदियां लगा दी गई।
रविवार को घाटी में न तो किसी प्रकार के बंद की घोषणा थी और न ही किसी प्रकार की पाबंदी। इससे दुकानें, पेट्रोल पंप तथा अन्य प्रतिष्ठान रविवार को सुबह खुल गए। सड़कों पर सार्वजनिक यातायात सामान्य रूप से बहाल रहा। टीआरसी चौक से बटमालू के बीच दुकानें खुलीं रहीं।
लाल चौक पर भी सब कुछ सामान्य रहा। मूसा के मारे जाने के बाद कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पर घाटी के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया था। हुर्रियत (जी) की ओर से बंद के आह्वान के मद्देनजर शनिवार को भी कर्फ्यू जारी रहा था।
आज भी कई जिलों में बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान
घाटी में सोमवार को भी कई जिलों में शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है। श्रीनगर, कुपवाड़ा व बारामुला जिलों में हायर सेकेंडरी स्कूल तथा डिग्री कालेजों में पठन-पाठन स्थगित रहेगा। कश्मीर विश्वविद्यालय ने सोमवार की बीएड सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा स्थगित कर दी है।