अनंतनाग लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम डाक बंगले में रविवार को आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पथराव से तीन पीडीपी कार्यकर्ता घायल हो गए।
सम्मेलन में ग्रामीण विकास मंत्री अब्दुल हक खान और राज्यसभा सांसद नजीर लावे भी मौजूद थे। पथराव से मची अफरातफरी के बीच पथराव करने वाले भाग खड़े हुए। इस मामले में पुलिस ने पथराव करने वालों की धरपकड़ के लिए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जिले के चावलगाम स्थित डाक बंगले में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। यह सम्मेलन विधायक अब्दुल मजीद पाडर की ओर से बुलाया गया था। कड़ी सुरक्षा के बीच सम्मेलन चल रहा था तभी अचानक बाहर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान पत्थर लगने से तीन कार्यकर्ता घायल हो गए जिनका कुलगाम अस्पताल में इलाज कराया गया है।