सेना के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा, गुरुवार को केरन सेक्टर में एलओसी पार से आतंकी घुसपैठ की कोशिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया था। भीषण गोलीबारी में दो विदेशी आतंकी मारे गए थे। इनके पास से हथियारों के जखीरे के अलावा एक पाकिस्तानी पहचान पत्र भी बरामद हुआ था। कहा, पिछले कुछ हफ्तों में एलओसी पर यह तीसरा सफल घुसपैठ विरोधी अभियान था।
पाकिस्तानी सेना और दहशतगर्दों का गठजोड़ सामने आया
सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ऑस्ट्रिया निर्मित बुलपप असॉल्ट राइफल, ''स्टेयर एयूजी'' का इस्तेमाल अफगानिस्तान में नाटो बलों द्वारा किया जाता था और जब 2021 में एक समझौते के तहत नाटो बल वहां से निकले तो कई हथियार तालिबानियों द्वारा लूट लिए गए अथवा वहीं छोड़ दिए गए। बाद में ऐसे हथियार अवैध रूप से बेच दिए गए। यह राइफल पाकिस्तान में एसएसजी द्वारा भी इस्तेमाल की जा रही है। इसलिए मारे गए आतंकियों से ऐसी राइफल का मिलना पाकिस्तानी सेना और दहशतगर्दों के बीच गठजोड़ को उजागर करता है।