संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं, नहरों के किनारे लोगों की तरफ से किए गए अवैध निर्माणों को सिंचाई विभाग ने चिह्नित कर निशान लगाना शुरू कर दिया है। इसकी पहल विभाग की तरफ से प्रताप नहर से निकली मट्टू नहर नंबर एक जो मट्टू गांव के बीचोबीच से होए हुए वाया भोरपुर गांव पंगाली तक गई है। इसके दोनों तरफ 35 से 40 फीट तक निशान लगाना शुरू कर दिया है।
इसको लेकर लोगों में हड़कंप मच गया है। छंब विधानसभा में प्रताप नहर के किनारे पर जिन लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है, उनको विभाग की तरफ से अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इस पर छंब विधानसभा क्षेत्र खौड़ के नेकां सचिव देवीदयाल जोगी ने कहा कि प्रशासन को पहले मुख्य बाजारों में जहां अनेक जगहों पर सड़क लैंड एंक्रोचमेंट ड्राइव के काम अधूरे पड़े हैं, उनको पूरा करने के बाद नहर लैंड एंक्रोचमेंट ड्राइव को चलाना चाहिए।