डा. करनी सिंह शूटिंग रेंज, नई दिल्ली में हुई पहली स्पोर्ट्स क्राफ्ट एयर वेपन शूटिंग चैंपियनशिप में राज्य के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन कर कई पदक बटोरे। इसमें अधिकांश मुकाबलों में राज्य के प्रतिभागियों ने क्वालीफाई के लिए अधिकतम अंक हासिल किए और आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई किया।
नेशनल राइफल एसोसिएशन आफ इंडिया, दिल्ली की ओर से करवाई गई इस चैंपियनशिप में विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने शिरकत कर प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। चैंपियनशिप में महाराष्ट्र ने स्वर्ण और राजस्थान ने रजत पदक हासिल किया।
राज्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल जम्मू के संग्राम सिंह और मोहन लाल तथा जनक राज (दोनों राज्य पुलिस से) ने सीनियर वर्ग के .177 एयर पिस्टल स्पर्धा में राज्य की झोली में कांस्य पदक डाला। इसी तरह डीपीएस के इकजोत सिंह, श्रेया सक्सेना और सामया सक्सेना (आर्मी पब्लिक स्कूल कालूचक्क) ने आगामी 30 जनवरी, 2015 को हो रहे केरल नेशनल गेम्स के लिए क्वालीफाई किया।
तीनों शूटरों ने शानदार प्रदर्शन कर नेशनल गेम्स के लिए जगह बनाई। इसके अलावा असद खान, रिघा बाटल, अभय गुप्ता, कलहन भट्ट, कर्णवीर सिंह (सभी डीपीएस से) ने भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बेहतर अंक बटोरे।
इसी तरह विजय कुमार, मोहन लाल तथा जनक राज, सुभाष चंद्र (राज्य पुलिस से) ने स्पोर्ट्स क्राफ्ट चैंपियनशिप में सर्वाधिक क्वालीफाई स्कोर किया। दिग्विजय सिंह, सुनमून सिंह, रंजीत चोपड़ा, शंकर गुप्ता ने भी शानदार खेल दिखाया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर राइफल एसोसिएशन के प्रधान एडीजीपी दिलबाग सिंह ने आगामी नेशनल गेम्स के लिए क्वालीफाई करने वाले प्रतिभागियों की प्रशंसा की।
वक्ताओं ने डीजीपी से शीघ्र गुलशन ग्राउंड शूटिंग रेंज का निर्माण मुकम्मल करने पर जोर दिया। इसके अलावा खेल मंत्री रमण भल्ला से नगरोटा शूटिंग रेंज को पूरा करने की मांग की गई। विजेताओं का हौसला बढ़ाने राजेश विरधि, अनुराग सक्सेना आदि मौजूद रहे।