पुलिस महानिदेशक कारागार पीएल गुप्ता को वर्ष 2014 के लिए मुख्यमंत्री के विजिलेंस मेडल के लिए चुना गया है। एक सरकारी सूचना के अनुसार, पुलिस के इस आलाधिकारी को भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम में उत्कृष्ट तथा अनुकरणीय साहस दिखाने के लिए सम्मानित किया गया है। इनाम में एक मेडल तथा 51 हजार नकद दिया जाता है।
उधर, पुलिस विभाग में अपनी सराहनीय सेवाओं के लिए चार पुलिस अधिकारियों को वर्ष 2014 के शेर-ए-कश्मीर पुलिस मेडल के लिए नामांकित किया गया है। जिन अधिकारियों को मेडल से नवाजा जाएगा, उनमें आईजीपी क्राइम सैयद जावेद मुज्तबा, एसपी विजिलेंस रुपेन्दर कुमार चलोत्रा, इंस्पेक्टर अब्दुल रशीद शाह और सब-इंस्पेक्टर मदन सिंह शामिल हैं। उन्हें यह सम्मान स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिए जाएंगे।
इसके अलावा सरकार ने ईमानदारी तथा एकता के लिए दिए जाने वाले चीफ मिनिस्टर गोल्ड मेडल के नामों की भी घोषणा की है। इसके लिए राज्यपाल के प्रधान सचिव भारतीय प्रशानिक सेवा अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, स्वास्थ्य तथा चिकित्सा के आयुक्त सचिव गज्जनफर हुसैन, केएएस अधिकारी देवलता, केएएस अधिकारी शोकत अहमद बेग, केएएस अधिकारी ताशी रिगजिन को चुना गया है। इनाम में मेडल के साथ 51 हजार रुपये की नकद राशि भी दी जाएगी।