30 जुलाई को नौवें स्कूल के प्रधानाचार्य भी हो जाएंगे सेवानिवृत्त, अभिभावक चिंतित
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। शिक्षा जोन खौड़ के आठ स्कूलों में प्रधानाचार्य का पद रिक्त है। 30 जुलाई को हाई स्कूल मिलन दी खूई के प्रधानाचार्य भी सेवानिवृत्त हो जाएंगे। बड़ी बात तो यह है कि खौड़ शिक्षा जोन के अधिकारी का स्थान भी 31 मार्च से खाली पड़ा है। काम चलाने के लिए प्रधानाचार्य हायर सेकेंडरी स्कूल खौड़ को कार्यभार सौंपा गया है।
खौड़ शिक्षा जोन में कुल 12 सरकारी हाई स्कूल हैं, जिनमें से 8 स्कूल लगभग पांंच सालों से बिना प्रधानाचार्य के चल रहे हैं। इसके चलते अभिभावकों को यहां बच्चों की पढ़ाई की चिंता सताने लगी है। अभिभावक नसीब सिंह, शारदा देवी और आशा रानी ने कहा कि जिस स्कूल में मुखिया ही नहीं है, उसकी जिम्मेदारी किसके हाथ में होगी। जानकारी के अनुसार मात्र हाई स्कूल नारायणा, हाई स्कूल पलांवाला, हाई स्कूल चक्क मलाल और हाई स्कूल खूई दी मिलन में ही मुख्य अध्यापक हैं। इनमें से भी एक पद खाली होने वाला है। अन्य हाई स्कूल दत्याल, हाई स्कूल हमीरपुर सिदड़, हाई स्कूल घिगडेयाल, हाई स्कूल बुदवाल, हाई स्कूल कलाह, हाई स्कूल जोगवां और हाई स्कूल कोटमैरा में प्रधानाचार्य नहीं हैं।
छात्रों ने बताया कि स्कूलों में पढ़ाई अच्छे से हो रही है। लेकिन, प्रधानाचार्य की कमी खलती है। अभिभावकों ने बताया कि स्कूल में मुख्याध्यापक के पद खाली हैं, जिससे बच्चों का भविष्य खराब होता दिख रहा है।
-
क्षेत्र के लोगों का प्रतिनिधिमंडल हमसे पिछले सप्ताह मिला था। हमने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भी लिखित में भेजा दिया है, जिसका हमारे पास जवाब भी आया। जल्द ही सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के रिक्त पदों को भरा जाएगा। सूची तैयार है। सिर्फ जारी करना बाकी है।
- अनिल कुमार ठाकुर, एसडीएम खौड़