राज्य परिवहन निगम के बस काफिले में 300 बसें और जुड़ेंगी। परिवहन मंत्री अब्दुल गनी कोहली ने मंगलवार को एसआरटीसी की एक बैठक में इसकी जानकारी दी है। साथ ही यह भी कहा कि एसआरटीसी अपनी प्रापर्टी का व्यापक इस्तेमाल करेगा, ताकि राजस्व को बढ़ाया जा सके।
अधिकारियों को निर्देश देते हुए एक प्लान बनाने की को कहा है। इसमें अपने रिर्सोस को इस्तेमाल करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी, ताकि निगम फिर से कमाऊ पूत बन सके।
मंत्री ने कहा कि जहां-जहां भी एसआरटीसी की भूमि है, वहां पर संबंधित जिलों के उपायुक्तों से बात करें और इसकी रिपोर्ट तैयार करें। निगम की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि बहुत कुछ करने की आवश्यकता है। कई तरह के कदम उठाने पड़ेंगे। इसके बाद ही निगम अपने पैरों पर फिर से खड़ा हो सकता है।
अधिकारियों पर जोर देते हुए कहा कि कमियों को दूर करने के लिए हर संभव कोशिश करें। मंत्री ने यह भी जानकारी दी है कि बहुत जल्द एसआरटीसी के लिए 300 नई बसें लाई जाएंगी, ताकि निगम का राजस्व बढ़े और लोगों को भी सहूलियत हो।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी है कि राज्य में दो ड्राइविंग संस्थान और वाहनों की जांच को टेस्टिंग सेंटर खोले जांएगे। दोनों संभागों में ड्राइविंग संस्थान और सेंटर होंगे। वाहनों के लिए बनाई गई वर्कशापों में सुधार की आवश्यकता बताई। कहा कि आधुनिक ढांचे से इनको विकसित करने की जरूरत है। परिवहन विभाग के सचिव बशीर खान और परिवहन आयुक्त एवं एसआरटीसी के इंचार्ज एमडी परवेज खातिब भी बैठक में उपस्थित थे।