पोलो ग्राउंड में खिलाड़ियों की किट दिखातीं नुजहत गुल। अमर उजाला
- पोलो स्टेडियम स्थित हॉकी ग्राउंड पर आयोजन, सचिव नुजहत गुल ने किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। नवोदित हॉकी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए रविवार को सुबह पोलो स्टेडियम स्थित हॉकी ग्राउंड पर उन्हें स्पोर्ट्स किट और हॉकी स्टिक दी गईं। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि मौजूद जम्मू कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल की सचिव नुजहत गुल सभी खिलाड़ियों से मिलीं और उनकी सराहना की।
रविवार को सुबह पोलो हॉकी ग्राउंड पहुंची गुल ने आयोजक बादल हॉकी क्लब को धन्यवाद दिया और कहा कि जम्मू-कश्मीर के काफी युवा नशे की गिरफ्त में हैं। ऐसे में खेल आयोजनों को बढ़ावा देना जरूरी है। यहां खेल सीखने आने वाले बच्चों की लगन देखकर भी मैं खुश हूं। श्रीनगर के किंडर प्री स्कूल के बच्चों को ये किट और हॉकी स्टिक उपलब्ध कराई हैं। जम्मू-कश्मीर में अभी हॉकी का इतना क्रेज नहीं है फिर भी आयोजकों की लगन देख प्रभावित हूं। उम्मीद करती हूं कि क्रिकेट और फुटबॉल की तरह इसमें भी जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि नुजहत गुल, विशिष्ट अतिथि डॉ. मनमीत सिंह, मुदस्सिर अहमद, एसजीपीसी श्रीनगर के जसपाल सिंह आदि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति से जुड़े सतनाम सिंह ने बताया कि रविवार को श्रीनगर और बारामुला के टोडलर्स ग्रुप के प्रशिक्षु और नवोदित 150 हॉकी खिलाड़ियों को किट दी गईं। बारामुला के 24 खिलाड़ियों को हॉकी स्टिक दी गई हैं ताकि उनका खेल प्रभावित न हो।