अनंतनाग में वर्दी के साथ पकड़ा गया ठगी का आरोपी। स्रोत पुलिस
- अनंतनाग पुलिस ने नाका जांच के दौरान रोका, बैग से पुलिस की वर्दी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। कोकरनाग पुलिस ने नकली पुलिस अधिकारी बनकर धोखाधड़ी करने के आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। कोकरनाग पुलिस स्टेशन की एक नाका पार्टी ने नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। इसकी पहचान मोहम्मद उमर मोची निवासी जलंगम के रूप में हुई। उसे एक बैग ले जाते समय रोका गया।
बैग की तलाशी के दौरान पुलिस वर्दी बरामद की गई जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रैंक के बैज लगे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी कथित तौर पर इस वर्दी का उपयोग वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बनकर आम जनता को धोखा देने के इरादे से कर रहा था। इस संबंध में कोकरनाग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।