- जस्टिस संजीव कुमार ने वर्चुअल माध्यम से की सुनवाई कर इतिहास रचा
- पहली बार किसी सीमांत और दूरस्थ इलाके से हुई हाईकोर्ट की सुनवाई
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस संजीव कुमार ने गुरेज से वर्चुअल माध्यम के जरिए डिवीजन बेंच की सुनवाई कर नया इतिहास रचा। यह पहला मौका है जब किसी दूरस्थ और सीमांत क्षेत्र से हाईकोर्ट की सुनवाई डिजिटल माध्यम से संपन्न हुई।
जस्टिस संजीव कुमार नल्सा की बाल हितैषी योजना के निरीक्षण के लिए गुरेज के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने मुंसिफ कोर्ट गुरेज से ही सभी सूचीबद्ध मामलों की सुनवाई की। डिवीजन बेंच में जस्टिस संजीव कुमार गुरेज से और जस्टिस संजय परिहार जम्मू विंग से जुड़े। वकील भी जम्मू और श्रीनगर विंग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में शामिल हुए। इस दौरान जम्मू विंग से 45 और कश्मीर विंग से 5 मामले निपटाए गए, जिससे दिन का पूरी केस लिस्ट समाप्त हुई।
जस्टिस संजीव कुमार ने कहा कि यह सुविधा वकीलों, मुकदमेबाजों और सुरक्षा कर्मियों के लिए अत्यंत उपयोगी होगी। उन्होंने ई-फाइलिंग, केस की वास्तविक समय में जानकारी और डिजिटल सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मन्सिफ कोर्ट गुरेज में ई-कोर्ट कियोस्क स्थापित करने का आदेश भी दिया गया, जिससे लोग अब विभिन्न ई-कोर्ट सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। उन्होंने ने मौजूदा आईटी ढांचे को मजबूत करने और डिजिटल और भौतिक प्लेटफॉर्म के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के माध्यम से वकील और आम लोग देश के किसी भी न्यायालय से जुड़ सकेंगे, अपने मामलों की स्थिति देख सकेंगे और फाइलिंग कर सकेंगे।