संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स ने ऑपरेशन सद्भावना के तहत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हन्युयोकमा आर्मी गुडविल स्कूल फरोना और पीएम श्री राजकीय उच्च विद्यालय, थसगाम की 20 छात्राओं और शिक्षिकाओं के लिए एक राष्ट्रीय एकता यात्रा का आयोजन किया।
26 अक्तूबर से 4 नवंबर तक आयोजित दस दिवसीय शैक्षिक यात्रा का उद्देश्य युवाओं को भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत, लोकतांत्रिक संस्थाओं और वैज्ञानिक प्रगति से परिचित कराना था। यह लद्दाख से आगे उनकी पहली यात्रा थी खोज, गर्व और सीखने से भरा एक प्रेरणादायक अनुभव।
इस यात्रा को 26 अक्टूबर को कारगिल युद्ध स्मारक, द्रास से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। छात्रों ने श्रीनगर से कटरा तक वंदे भारत एक्सप्रेस से अपनी यात्रा शुरू की, जिसके दौरान छात्रों ने दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल- चिनाब रेल पुल को पार किया। 27 अक्तूबर से 1 नवंबर तक समूह ने जम्मू का दौरा किया, जहां उन्होंने बाग-ए-बाहु किला और एक्वेरियम नई दिल्ली में प्रधानमंत्री संग्रहालय और नेहरू तारामंडल, राष्ट्रपति भवन जहां उन्हें भारत के राष्ट्रपति से मिलने का गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने आर्मी पब्लिक स्कूल धौला कुआं, अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी और गया में स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया।
2 नवंबर को वे नई दिल्ली लौटे और इंडिया गेट, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र का दौरा किया। 3 नवंबर को प्रतिभागियों ने दिल्ली से श्रीनगर की अपनी पहली उड़ान का अनुभव किया जो एक अविस्मरणीय और ज्ञानवर्धक यात्रा का समापन था जिसने भारत की एकता और विविधता के बारे में उनकी समझ को गहरा किया।
4 नवंबर को कारगिल युद्ध स्मारक, द्रास में इस यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में कई नागरिक और सैन्य गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय प्रतिनिधि और छात्रों के परिवार के सदस्य शामिल हुए। छात्रों ने ऑपरेशन सद्भावना पहल के तहत उन्हें यह अमूल्य अवसर प्रदान करने के लिए सेना के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।