संवाद न्यूज एजेंसी
गुलमर्ग (बारामुला)। उत्तरी कश्मीर के बारामुला बारामूला जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग के कोंगडोरी में सोमवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। इससे घाटी के ऊंचे इलाकों में ठंड ने दस्तक दे दी। सीजन की पहली बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे।
मिली जानकारी के मुताबिक गुलमर्ग की वादी में कोंगडोरी और आसपास के इलाकों में सुबह ही हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फबारी ने घास के मैदानों, देवदार के जंगलों, छतों और ढलानों को बर्फ की एक पतली सफेद परत से ढक दिया जो एक अलग ही मनमोहक नजारा पेश कर रहा था।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि उत्तरी कश्मीर से गुजर रहे एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी हुई। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बदलते मौसमी परिदृश्य को देखने के लिए बाहर निकलते देखा गया। कई पर्यटक घास के मैदानों पर बर्फ के फाहे गिरते हुए तस्वीरें और वीडियो लेते देखे गए। स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि बर्फबारी से इलाके में नई चहल-पहल आ गई है। पर्यटक सड़क किनारे लगी दुकानों पर चाय और नाश्ते का आनंद लेने के लिए रुक गए।
हम सभी लोग गंडोला से यहां पहुंचे : भूपेंद्र
गंडोला की सवारी का आनंद लेते हुए कई पर्यटक कोंगडोरी में बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पहुंचे। पर्यटकों के कई समूह इस दौरान बर्फ में खेलते दिखाई दिए। दिल्ली के नजफगढ़ से कश्मीर घूमने आए भूपेंद्र गहलोत ने कहा कि वह तो कश्मीर घूमने के लिए आए थे। रात में गुलमर्ग में रुके हुए थे और सुबह कोंगडोरी की पहाड़ियां होटल की खिड़की से सफेद बर्फ की चादर से ढकी हुई देख मन खुश हो गया। हम सभी लोग गंडोला से यहां आए और इन अद्भुत नजारों का मजा ले रहे हैं।
मैं कहना चाहती हूं कि सभी लोग कश्मीर घूमने आएं : सीमा
गुड़गांव से आई सीमा डागर ने कहा कि वह अपने आपको खुशकिस्मत समझती हैं कि उन्हें पहली बर्फबारी का आनंद लेने का मौका मिला। वह बाकी लोगों से भी कहना चाहती हैं कि वह कश्मीर घूमने आएं और यहां की मेहमाननवाजी का अनुभव करें। कश्मीर एक दम से सुरक्षित है और जैसा बाहर सुनने को मिलता है वैसा यहां कुछ नहीं। इस बीच पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग जाने वाली सभी सड़कें खुली हैं और यातायात सुचारु रूप से चल रहा है। हालांकि फिसलन भरी परिस्थितियों के कारण वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी जाती है।
यह शीतकालीन पर्यटन सीजन की एक अच्छी शुरुआत
एक पर्यटन अधिकारी ने कहा कि शुरुआती बर्फबारी से स्थानीय व्यावसायिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। यह शीतकालीन पर्यटन सीजन की एक अच्छी शुरुआत है। पर्यटन हितधारकों ने भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बर्फबारी एक बार फिर से पटरी से उतरे पर्यटन क्षेत्र को वापस लाने में मदद करेगी।