कहा- कटड़ा मेडिकल कॉलेज को श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा वित्त पोषित किया जाता है, इस पर लोगों को सोचना चाहिए
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस के पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने दिल्ली कार ब्लास्ट मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि कटड़ा मेडिकल कॉलेज श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा वित्त पोषित है, जिसमें अधिकतर लोगों का चढ़ावा शामिल है। उन्होंने कहा कि इस चढ़ावे का इस्तेमाल ऐसे डॉक्टर बनाने में हो रहा है जो आत्मघाती हमलावर बन जाते हैं, यानी आपके ही चढ़ावे का इस्तेमाल आपकी हत्या के लिए किया जा रहा है।
एक्स पर पोस्ट में पूर्व डीजीपी ने लिखा कि दिल्ली लाल किला विस्फोट में संदिग्ध डॉ. उमर नबी, जो अल-फलाह विश्वविद्यालय में कार्यरत थे और पुलवामा के रहने वाले हैं, पर आत्मघाती हमलावर होने का संदेह है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरी की योग्यता प्राप्त करने के बाद भी वह आत्मघाती हमलावर बन गया। कटरा मेडिकल कॉलेज में लगभग 70% सीटें कश्मीर के छात्रों को आवंटित की गई थीं, और यह कॉलेज श्राइन बोर्ड द्वारा चलाया जाता है जो हिंदू तीर्थयात्रियों के दान से वित्त पोषित है। उन्होंने कहा कि जब ऐसे संस्थानों से स्नातक डॉक्टर आतंकवाद में शामिल होते हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि भारत में सभी धर्मों के लोग रहते हैं और चीजों को धार्मिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाता, लेकिन नागरिकों को इस विषय पर सोचना चाहिए। उन्होंने बताया कि वैष्णो देवी विश्वविद्यालय की स्थापना भी तीर्थयात्रियों के दान से हुई है और उसमें 50 में से 42 सीटें गैर-हिंदुओं को मिली हैं। उनका कहना था कि अगर इस तरह के डॉक्टर तैयार हो रहे हैं तो यह चिंताजनक स्थिति है।
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने देश में आतंकवादी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 99 घटनाओं को टाला जा सकता है लेकिन 100वीं बार दुश्मन कामयाब हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे बाहरी दुश्मनों के साथ मिलकर इन आंतरिक दुश्मनों से लड़ते रहेंगे।