अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। शहर के डलगेट इलाके में स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक हेडक्वार्टर के पीछे एक खुली जगह से वीरवार को एक व्यक्ति का शव मिला। इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है।
अधिकारियों ने कहा कि शव बैंक के हेड ऑफिस बिल्डिंग के पीछे ऐसे हालात में मिला। इलाके को घेर लिया गया और शुरुआती जांच की गई जिसके बाद लाश को मेडिकल-लीगल औपचारिकताओं के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस सूत्रों ने कहा कि मरने वाले की पहचान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी देख रहे हैं। स्थानीय लोगों से बात कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि लाश उस जगह पर कैसे पहुंची और क्या इसमें कोई गड़बड़ है। बता दें कि पुलिस ने एक मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।