अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। क्राइम ब्रांच कश्मीर के इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) ने वीरवार को 53 लाख रुपये मूल्य की जमीन धोखाधड़ी के एक मामले में कई जगहों पर छापे मारे गए। धोखाधड़ी में शामिल चार लोगों के खिलाफ दर्ज एफआईआर के सिलसिले में श्रीनगर जिले में कई जगहों पर पुलिस ने दबिश दी।
क्राइम ब्रांच के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला एक लिखित शिकायत के बाद दर्ज किया गया था जिसमें आरोप लगाया गया था कि दलाल तारिक अहमद हाजम, गुलाम हसन मीर, सनाउल्लाह मीर और रज्जाक मीर निवासी बरथाना श्रीनगर ने जमीन का सौदा कराने के बहाने शिकायतकर्ता से धोखे से 53 लाख रुपये हड़प लिए।
उन्होंने कहा कि जांच से पता चला है कि आरोपियों ने कुछ राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर दस्तावेजों में हेराफेरी की और अवैध रूप से धन व संपत्ति हासिल करने के लिए आधिकारिक प्रक्रियाओं का दुरुपयोग किया।
प्रवक्ता ने बताया कि सबूतों का पता लगाने और साजिश से जुड़े किसी भी सरकारी कर्मचारी समेत इसमें शामिल लोगों के व्यापक नेटवर्क की पहचान करने के लिए तलाशी ली गई।आगे की जांच जारी है।