श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को नेहरू पार्क से क्राल सांगरी तक बुलेवार्ड रोड के चौड़ीकरण और चार लेन बनाने की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि श्रीनगर और जम्मू का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से 19.94 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत की इस परियोजना का उद्देश्य कश्मीर के सबसे प्रतिष्ठित झील किनारे के क्षेत्र में सड़क संपर्क में सुधार करना है। इस दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि बुलेवार्ड मार्ग के चौड़ीकरण से न केवल यातायात की भीड़ कम होगी बल्कि डल झील परिसर के सौंदर्य और पर्यटन मूल्य में भी वृद्धि होगी। बुलेवार्ड रोड पर यात्रा करना कष्टदायक हो गया है, अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों लग जाते हैं।
उनकी सरकार श्रीनगर के सड़क नेटवर्क पर भीड़भाड़ कम करने और निवासियों व पर्यटकों दोनों को आवश्यक राहत प्रदान करने के लिए कई परियोजनाओं की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि एक दशक से भी अधिक समय से श्रीनगर पर उचित ध्यान नहीं दिया गया है लेकिन हमारी सरकार के कार्यकाल में अब सभी गलतियों को सुधारा जाएगा। यह सिर्फ श्रीनगर तक सीमित नहीं है, जम्मू शहर को भी उसका हक नहीं मिला है। पिछले 10 सालों में दोनों शहरों की उपेक्षा को मेरी सरकार दूर करेगी। हम धर्म, जाति या क्षेत्र के आधार पर भेदभाव नहीं करते। उन्होंने जम्मू के डोगरा शासकों द्वारा शुरू की गई दरबार मूव परंपरा की बहाली को अपनी सरकार की सभी क्षेत्रों में एकता और समानता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।