बारामुला में नाइट स्काई वॉच कैंप। संवाद
- बीएचएसएस बारामुला में रात्रि आकाश अवलोकन शिविर का हुआ आयोजन
- जिले में पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम में डीसी डॉ. मिंगा शेरपा रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल के तहत स्कूल शिक्षा विभाग बारामुला ने बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल (बीएचएसएस) बारामुला में रात्रि आकाश अवलोकन (नाइट स्काई वाचिंग) शिविर का आयोजन किया। छात्रों और अभिभावकों को ब्रह्मांड के अद्भुत नजारों को देखने और उनके बारे में जानने का एक दुर्लभ अवसर मिला।
बारामुला जिले में अपने तरह के आयोजित इस पहले कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीसी डॉ. मिंगा शेरपा मौजूद रहे। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से बातचीत करने के साथ ही उन्हें वैज्ञानिक जिज्ञासा और खगोल विज्ञान में गहरी रुचि विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने भाग लिया। सभी ने टेलीस्कोप के जरिए खगोलीय पिंडों को देखा। ग्रहों, नक्षत्रों और तारों की गति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक उत्तरी कश्मीर, मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) बारामुला प्रो. तारिक अहमद चालकू, उप सीईओ इफ्तिखार अहमद और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे। छात्रों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने और तारों से जगमगाते आकाश के नीचे सीखने को एक आनंददायक, व्यावहारिक अनुभव में बदलने के इस पहल की प्रतिभागियों और आम जनता खूब सराहना की।
-