फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: एसपीओ की सर्विस राइफल से चली गोली, आरपीएफ का सब इंस्पेक्टर घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन


जम्मू। रेलवे स्टेशन जम्मू में सोमवार की दोपहर गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। स्टेशन पर सुरक्षा में तैनात एसपीओ (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) की सर्विस राइफल से चली गोली एक यात्री को लगी, जो रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) का सब इंस्पेक्टर है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में तैनात सब इंस्पेक्टर सुधीर कुमार गाजीपुर के रहने वाले हैं। वह अपनी पत्नी और 9 अन्य सदस्यों के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहे थे।

गोली सब इंस्पेक्टर की बाईं टांग के ऊपरी हिस्से में लगी, जो बीच में ही फंस गई। इसकी वजह से हड्डी टूट गई। देर शाम डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर छह घंटे बाद गोली निकाली। घायल अभी जीएमसी जम्मू में भर्ती है। वारदात रेलवे स्टेशन के तीसरे प्लेटफार्म से पहले प्लेटफार्म को आने वाले ब्रिज की सीढ़ियों पर हुई। गोली रेलवे पुलिस के एसपीओ हरभजन सिंह की राइफल से निकली। हरभजन की सब इंस्पेक्टर के साथियों ने तस्वीर भी खींची। एसपीओ से गोली लगने के बारे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसे चक्कर आ गया था। पता ही नहीं चला कि कब गोली लग गई। पुलिस ने एसपीओ के खिलाफ लापरवाही से ड्यूटी करने का मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन



घायल ने कहा, मैं आइसक्रीम लेने जा रहा था

घायल सब इंस्पेक्टर सुधीर ने बताया कि मेरी पत्नी बीबा और नौ अन्य साथी बेगमपुरा ट्रेन से सोमवार दोपहर 12 बजे के करीब जम्मू पहुंचे थे। यहां से उनको स्वराज एक्सप्रेस ट्रेन से कटड़ा के लिए निकलना था, जो कि दोपहर 2.55 मिनट पर जानी थी। पता चला कि ट्रेन दो घंटे देरी से जाएगी। वह अपनी पत्नी और साथियों के साथ तीन नंबर प्लेटफार्म पर इंतजार ही कर रहे थे और प्लेटफार्म तीन से एक नंबर प्लेटफार्म पर आइसक्रीम लेने के लिए गए। अभी सीढ़ियां उतर ही रहे थे कि एक आवाज आई और पता चला कि टांग पर गोली लग गई है। इसके बाद वह गिर गए। इतने में साथी भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

दर्शन नहीं दिए, लेकिन जान बचा दी

सब इंस्पेक्टर के साथ आए एक व्यक्ति ने बताया कि सुधीर आइसक्रीम लेने के लिए गए थे। अचानक से यह हादसा हो गया। वे लोग कटड़ा में माता वैष्णो देवी की यात्रा के लिए आए हुए थे। वहां पहुंचने से पहले ही वारदात हो गई। हम तो शुक्र मना रहे हैं कि गोली यदि थोड़ी ऊपर जाकर लगती तो जान चली जाती। माता रानी ने दर्शन तो नहीं दिए, लेकिन जान बचा दी।


अस्पताल पहुंचे डीटीएम और अन्य अफसर

इस घटना के बाद रेल सुरक्षा बल जम्मू के एक एसआई के नेतृत्व में रेल सुरक्षा बल के जवानों की टीम ने सब इंस्पेक्टर को जीएमसी पहुंचाया। इसके बाद रेल सुरक्षा बल के कई अन्य अफसर भी मौके पर पहुंचे। रेलवे स्टेशन जम्मू के एसएचओ रोहित देव और डीएसपी अलबीना मलिक भी पहुंचीं। शाम को एसएसपी रेलवे मोहन लाल कैथ भी पहुंचे और उन्होंने सब इंस्पेक्टर से बातचीत की।


मौका-ए वारदात पर की तहकीकात

वारदात के बाद रेलवे पुलिस, रेल सुरक्षा बल, रेलवे प्रशासन जम्मू के तमाम अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। गोली चलने के बाद अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तैनात सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। हालांकि कुछ ही देर में स्पष्ट हो गया कि गोली रेलवे सुरक्षा में तैनात एसपीओ से चली है, जो एक यात्री को लग गई।




इस घटना के बाद रेलवे पुलिस स्टेशन जम्मू में एसपीओ हरभजन सिंह पर आईपीसी 336 लापरवाही और 337 किसी को चोट पहुंचाने के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गोली किस वजह से चली और कैसे चली, फिलहाल यह जांच का विषय है। शुरुआती जांच में यही सामने आया है कि गोली दुर्घटनावश चली है, जिसकी जांच जारी है। हरभजन सिंह पूर्व सैनिक के बाद एसपीओ तैनात हुआ था।
विज्ञापन

- अलबीना मलिक, डीएसपी, रेलवे पुलिस स्टेशन, जम्मू

एसपीओ की ड्यूटी अभी शुरू ही हुई थी। वह दूसरे संतरी से एके-47 राइफल ले रहा था कि गोली चल गई। इसे लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
- एसएसपी, रेलवे, जम्मू
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें