जम्मू। अंडर-23 पुरुष क्रिकेट स्टेट-ए ट्रॉफी में शुक्रवार को कोटांबी स्टेडियम बी ग्राउंड पर जम्मू-कश्मीर ने झारखंड को एक विकेट से मात देकर रोमांचक जीत दर्ज की। मैच के अंतिम पलों में आतिफ बिन मुस्ताक और सर्वशिष सिंह की बहुमूल्य 31 रनों की नाबाद साझेदारी ने मुकाबले में जीत दिलाई।
199 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जेएंडके की टीम शुरू से ही दबाव में दिखाई दी और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। लेकिन आख़िरी विकेट के लिए मैदान पर उतरे आतिफ और सर्वशिष ने शानदार संयम व हिम्मत दिखाते हुए टीम को जीत की राह पर बनाए रखा। आतिफ ने 24 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद से नाबाद 20 रन, जबकि सर्वशिष ने 16 गेंदों पर नाबाद 9 रन बनाए। इससे पहले, जेएंडके के लिए रिधम ने 55 रन की दमदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। अर्णव गुप्ता ने भी 38 रनों का अहम योगदान देकर टीम की नींव मजबूत की। झारखंड की ओर से रंजन दीप सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 45 रन देकर 4 विकेट चटकाए। रौनक ने भी 2 विकेट लेकर दबाव बनाए रखा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड ने 198 रन बनाए। बिशेष दत्ता ने 61 रन की पारी खेली, वहीं सत्य सीटू 26 और प्रभात कुमार 24 ने भी उपयोगी योगदान दिया। जेएंडके की ओर से आतिफ बिन मुस्ताक और आसिफ ने 3-3 विकेट लिए जबकि सर्वशिष सिंह ने 1 विकेट हासिल किया। संवाद