जम्मू। कश्मीर सिख संगत की ओर से आयोजित 10वीं शहीद बंदा सिंह बहादुर हॉकी प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें गुरु नानक नगर हॉकी क्लब ने साहिल हॉकी क्लब को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। दोनों टीमों ने पूरे मैच में अद्भुत कौशल, गति और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
जीएनएन क्लब के राजबीर सिंह ने 15वें और 30वें मिनट में दो शानदार गोल दागकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। इसके बाद साहिल हॉकी क्लब ने 35वें और 40वें मिनट में लगातार दो गोल कर स्कोर 2–2 से बराबर कर दिया। मैच का फैसला रोमांचक टाई-ब्रेक में हुआ। इसमें जीएनएन क्लब ने साहिल क्लब को 4–2 से हराकर चैंपियनशिप जीत ली। मैन ऑफ द मैच का खिताब आशु और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार साहिल क्लब के जोबन सिंह को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि एसएसपी रंधीर सिंह और खेल परिषद की सचिव नुसरत गुल उपस्थित रहीं।