- तमिलनाडु ने 20 अंकों के साथ जीती ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी
- 22 राज्यों के करीब 400 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। गांधीनगर के ग्रीन फील्ड मैदान में आयोजित 43वीं जूनियर राष्ट्रीय टेनिक्वाईट चैंपियनशिप का शनिवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री मीर सैफुल्लाह ने विभिन्न वर्गों के विजेताओं को ट्रॉफी, पदक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
17 से 21 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में करीब 22 राज्यों और टीमों के 400 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में तमिलनाडु ने 20 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। पुडुचेरी और महाराष्ट्र आठ-आठ अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में लड़कों और लड़कियों के सिंगल्स, डबल्स, मिक्स्ड डबल्स और टीम मुकाबले करवाए गए। आयोजन जम्मू-कश्मीर टेनिक्वाईट एसोसिएशन ने भारतीय टेनिक्वाईट महासंघ के तत्वावधान में किया। इस मौके पर जम्मू-कश्मीर खेल परिषद की सचिव तजायुन मुख्तार विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
-