संयुक्त निदेशक पर्यटन जम्मू एजाज कासिर व अन्य पत्रकार वार्ता करते हुए। संवाद
- 24 से 26 अक्तूबर तक एंथम-सुरिंसर रोड पर होगा तीन दिवसीय मुकाबला
- सात लाख के नकद पुरस्कार, स्थानीय खिलाड़ियों के लिए अलग पुरस्कार श्रेणी
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू में पहली राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी कप प्रतियोगिता 24 से 26 अक्तूबर तक एंथम-सुरिंसर रोड में होगी। पर्यटन निदेशालय जम्मू की ओर से स्थानीय एडवेंचर स्पोर्ट्स और पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के सहयोग से करवाई जा रही प्रतियोगिता में देशभर से खिलाड़ी और प्रशिक्षित पायलट हिस्सा लेंगे।
संयुक्त निदेशक पर्यटन जम्मू एजाज कासिर ने मंगलवार को बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जम्मू को एडवेंचर और अनुभव आधारित पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसमें स्पॉट लैंडिंग और ड्यूरेशन फ्लाइंग दो स्पर्धाएं होंगी। जम्मू-कश्मीर के स्थानीय प्रतिभागियों के लिए अलग विशेष पुरस्कार श्रेणी रखी गई है।
प्रतियोगिता के लिए कुल सात लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। पंजीकरण एक से 15 अक्तूबर तक निशुल्क होगा। इसमें केवल पी-4 प्रमाणित पायलट ही हिस्सा ले सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के साथ खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर संबंधित एसोसिएशन के साथ चर्चा की जा चुकी है। आयोजन से एंथम और सुरुईंसर क्षेत्र को एडवेंचर पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद है।