जम्मू। सैनिक स्कूल नगरोटा में ऑल इंडिया सैनिक स्कूल्स नेशनल गेम्स (एआईएसएसएनजी)-2026 ग्रुप-ए में मेजबान स्कूल के कैडेट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन प्रमुख खिताब अपने नाम किए। एक से तीन सितंबर तक हुई प्रतियोगिताओं में नगरोटा ने जूनियर लड़कों और लड़कियों के बास्केटबॉल तथा जूनियर लड़कों की टीम ने वॉलीबाॅल में चैंपियन बनकर ओवरऑल ट्रॉफी में पहला स्थान हासिल किया।
जूनियर लड़कों के बास्केटबॉल फाइनल में नगरोटा ने सैनिक स्कूल कुंजपुरा की टीम को 67-43 से हराया। लड़कियों के फाइनल में नगरोटा ने रॉयल इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल फतेहाबाद को 30-25 से मात दी।
जूनियर लड़कों के वॉलीबाॅल के फाइनल मैच में भी नगरोटा ने कुंजपुरा की टीम को 2-1 से हराकर खिताब जीता। एथलेटिक्स में भी मेजबान कैडेटों ने कई पदक जीते। सब जूनियर लड़कों की 400 मीटर दौड़ में नगरोटा ने पहला स्थान हासिल किया। सब जूनियर लड़कियों की 400 मीटर, 100 मीटर रिले और 200 मीटर दाैड़ में भी स्कूल अव्वल रहा। लंबी कूद में सब जूनियर लड़कियों और लड़कों ने पहला स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य कैप्टन (आईएन) शिबू देवसिया ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
मुख्य अतिथि से विजेता ट्राफी लेते टीम कैप्टन। स्रोत : पीआईबी- फोटो : Samvad