नॉर्थ जोन किकबॉक्सिंग टूर्नामेंट के उद्घाटन सत्र के दौरान मौजूद उपमुख्यमंत्री व अन्य स्रोत सूचन
- फोटो : samvad
नॉर्थ जोन किक बॉक्सिंग टूर्नामेंट में नौ राज्यों व यूटी के 600 महिला खिलाड़ी ले रही हैं भाग
जम्मू। प्रदेश में खेल ढांचे को मजबूत करने और दूरदराज व सीमावर्ती इलाकों तक खेल सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। यह बात उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने शुक्रवार को जम्मू विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हाल में आयोजित अस्मिता खेलो इंडिया महिला लीग-नॉर्थ जोन किक बॉक्सिंग टूर्नामेंट का उद्घाटन के दौरान कही।
टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन के नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 600 महिला खिलाड़ी और 100 अधिकारी भाग ले रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए खेल अवसर बढ़ाने के लिए अस्मिता पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लड़कियां खेलों में भाग ले रही हैं, जो देश के भविष्य के लिए सकारात्मक है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना पैदा करता हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर शांति, एकता और सांस्कृतिक सौहार्द की भूमि है। विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों और अधिकारियों का हर नागरिक स्वागत करता है। उद्घाटन समारोह में वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संजय यादव और जम्मू-कश्मीर किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष गौरव चोपड़ा मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन जम्मू-कश्मीर किक बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा खेल प्राधिकरण और खेलो इंडिया के सहयोग से किया गया है।