जेएंडके के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन, पहली पारी में पुडुचेरी को 233 रन पर ऑल आउट किया
- फोटो : -संवाद
अजय रोहेरा ने धैर्य के साथ 211 गेंद में खेली 94 रन की शानदार पारी
जम्मू। सीचेम स्टेडियम में रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप डी मुकाबले के पहले दिन जेएंडके की टीम ने पुडुचेरी को पहली पारी में 233 रन पर रोक दिया। गेंदबाज सुनील कुमार और युद्धवीर सिंह की जोड़ी ने अनुशासन और सटीकता का प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद पुडुचेरी को शुरुआती झटका लगा जब कप्तान नेयन कंगायन नौ रन बनाकर आउट हो गए।
उन्होंने बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज सुनील कुमार की गेंद पर विकेटकीपर कन्हैया को कैच दे दिया। सलामी बल्लेबाज अजय रोहेरा ने मुश्किल हालात में धैर्य बनाए रखा और 211 गेंद में 94 रन की शानदार पारी खेली। जेजे यादव (33), अमन खान (25), पारस पटनापर्खे (20) और राघवन (16) ने कुछ प्रतिरोध दिखाया। सुनील और युधवीर ने 3-3 विकेट, बाएं हाथ के स्पिनर वंशज शर्मा ने 2, आकिब नबी और आबिद मुश्ताक को एक-एक विकेट मिला। ब्यूरो