जम्मू। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर नगर निगम का स्वच्छ गणतंत्र अभियान प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है। वीरवार को दसवें दिन सैनिक कॉलोनी और ग्रेटर कैलाश में पीला पंजा चलाकर सड़कों, फुटपाथ व सार्वजनिक स्थलों से कब्जे हटाए।
अभियान की अध्यक्षता आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने की। उनके साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रवर्तन दल और सफाई कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया और अवैध अस्थायी ढांचे तोड़े गए। लोगों ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से फुटपाथ पर अतिक्रमण होने के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया था। कुछ लोगों ने अभियान का विरोध भी किया। आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाना निगम की प्राथमिकता है। इसलिए अगर कोई दोबारा अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।