संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। सीनियर महिला टी-20 राष्ट्रीय चैंपियनशिप आठ से 31 अक्तूबर तक होगी। टूर्नामेंट दो चरणों में खेला जाएगा। पहला चरण लीग मैचों का होगा। ये चंडीगढ़ में खेले जाएंगे। दूसरा चरण नॉकआउट मैचों का होगा। ये गुजरात के सूरत में खेले जाएंगे।
जम्मू-कश्मीर टीम ग्रुप-ए में है। टीम का पहला मुकाबला आठ अक्तूबर को मुंबई के साथ है। नौ अक्तूबर को उत्तर प्रदेश के साथ, 11 को गुजरात, 13 को विदर्भ, 15 को केरल, 17 को बड़ौदा, 19 अक्तूबर को बिहार के साथ होगा। टूर्नामेंट के नॉकआउट मैच 25 से 31 अक्तूबर तक होंगे। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन ने सीनियर महिला खिलाड़ियों की 18 सदस्यीय टीम की घोषणा अभ्यास कैंप के लिए की है। यह कैंप 26 सितंबर से चार अक्तूबर तक एसके स्टेडियम श्रीनगर में आयोजित होगा। टीम में जसिया अख्तर, रुद्राक्षी छिब, अनन्या शर्मा, ललिता (विकेटकीपर), बावनदीप कौर, संध्या सयाल, शिवंती गुप्ता, मरिया नूरैन, सरला देवी, चित्रा सिंह जमवाल, रुबिया सैयद, संजना, सेहरिश भट (विकेटकीपर), बिस्मा हसन, रुकैया अमीन, शीराज़ा बानो, अंचल और मारूफ को चुना गया है।