जम्मू। वुमन सीनियर वनडे ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर टीम के शानदार सफर का अंत हो गया। बेंगलुरू शनिवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दिल्ली के हाथों मिली आठ विकेट की हार से टीम सेमीफाइनल से बाहर हो गई। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर की टीम ने 30 ओवर में आठ विकेट पर 85 रन बनाए, जिसे दिल्ली ने पांच ओवर रहते हासिल कर लिया। सीनियर वुमन ट्रॉफी के ग्रुप स्टेज में जम्मू-कश्मीर की टीम ने पांच मुकाबले जीतकर पहली बार क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में दो विकेट गिर गए। इसके बाद जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी ऐसी बिखरी कि टीम ने 50 रन बनाने में 20 ओवर का समय लिया। दिल्ली की शानदार और कसी हुई गेंदबाजी के आगे जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाज बेदम दिखे और टीम 30 ओवर में सिर्फ 85 रन ही बना सकी। टीम के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। विकेट के इस पतझड़ में सरला देवी 18 रन के साथ टॉप स्कोरर रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत खराब रही और पांच रन में पहली विकेट गिरी। इसके बाद खिलाड़ियों ने संभलकर खेलते हुए 25.4 ओवर में टीम को जीत दिला दी। वुमन सीनियर ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर टीम का प्रदर्शन काफी शानदार रहा था। टीम ने छह मुकाबलों में से पांच में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।