जम्मू। माडलिंग की दुनिया में जम्मू के युवा अनमोल ने मलेशिया में हुई मिस्टर टीन ग्लोब इंटरनेशनल-2019 में ग्रैंड विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। मलेशिया में हुई इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 11 देशों में मेजबान के अलावा बोरनई, इंडोनेशिया, भारत, फिलिपींस, सऊदी अरबिया, श्रीलंका, नेपाल, जापान से प्रतियोगिताओं ने शिरकत की। अनमोल को विजेता बनने के लिए नकद पुरस्कार के साथ कायरा कॉलेज से छात्रवृत्ति दी गई है।
जम्मू में शुक्रवार को पहुंचने पर अनमोल का एयरपोर्ट पर उनके प्रशंसकों ने स्वागत किया। शुक्रवार को हुए एक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने कहा कि जम्मू के युवा माडलिंग के क्षेत्र में अपना बेहतर भविष्य बना सकते हैं। अनमोल ने गौरवशाली अवार्ड लाकर उन्हें नया प्लेटफार्म देने का काम किया है। जेकेएमईएफ के प्रधान सुशील सूदन ने कहा कि यह जम्मू के लिए गौरव की बात है। उन्होंने राज्यपाल से अनमोल को प्रोत्साहित करने की अपील की। राष्ट्रीय निदेशक अक्षय कितरी ने अनमोल के प्रदर्शन को सराहा है।