पीडीपी-भाजपा में तनातनी के बीच उमर-सोनिया मुलाकात रियासत की राजनीति में नया गुल खिला सकती हैं। माना जा रहा है कि फिर से महागठबंधन बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
दोनों नेताओं के बीच लगभग आधे घंटे तक चली बैठक में रियासत के सियासी हालात, घाटी के हालात, आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी सहित आम लोगों को हो रही दिक्कतों पर बात हुई।
सूत्रों ने बताया कि पीडीपी-भाजपा के एजेंडा आफ एलायंस के तहत अलगाववादियों सहित सभी पक्षकारों से बात किए जाने का स्पष्ट जिक्र होने के बाद भी केंद्र की ओर से अलगाववादियों से बात नहीं करने के एलान से महबूबा खासी नाराज बताई जा रही हैं। ऐसे में गठबंधन पर आंच की भी चर्चाएं हैं। पीडीपी में भी इसे लेकर भाजपा के साथ संबंधों की समीक्षा का दबाव है।
पीडीपी एमएलसी चुनाव में क्रास वोटिंग को लेकर भी भाजपा नेतृत्व के समक्ष आपत्ति जता चुकी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे के दौरान क्रास वोटिंग करने वाले विधायक बाकिर रिजवी को उनसे मिलाए जाने से पीडीपी के तेवर और तीखे हुए हैं।