जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 25 फरवरी से सोनमर्ग आम पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही देशभर में 21 शहरों में रोड शो आयोजित किए जाएंगे। इसके जरिये प्रदेश में पर्यटन के लिए लोगों को आकर्षित किया जाएगा। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने लोगों को आश्वस्त किया कि धरती का स्वर्ग जम्मू-कश्मीर पर्यटकों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। यहां आएं और घाटी के सौंदर्य, संस्कृति व धरोहर से अपने पलों को यादगार बनाएं।
दो दिवसीय पहलगाम विंटर कार्निवाल के समापन समारोह में रविवार को ऑनलाइन शामिल हुए उप राज्यपाल ने कहा कि पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटने लगा है। पिछले तीन महीनों में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सभी पर्यटक स्थलों की अपनी विशेषताएं तथा क्षमताएं हैं। इसलिए स्थानीय समुदाय तथा सभी हितधारक आगे आकर प्रदेश के विकास को सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया तथा विभागीय वेबसाइट के साथ-साथ छोटे वीडियो बनाकर भी पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना के बावजूद यहां पर्यटकों का भारी संख्या में आना जारी रहा। प्रशासन ने कोरोना के सभी प्रोटोकाल का पालन किया।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: एक साल बाद भी अस्तित्व में नहीं आया एसीबी का आर्थिक अपराध विंग
फिल्मों की शूटिंग के लिए प्रशासन कर रहा प्रयास
उप राज्यपाल ने कहा कि फिल्म निर्माताओं के लिए दोबारा से पसंदीदा शूटिंग स्थल के रूप में प्रदेश को विकसित करने के लिए प्रशासन पूरा प्रयास कर रहा है। इससे सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने देखो अपना देश की तर्ज पर संभावनाएं तलाशने को कहा। साथ ही स्थानीय टूरिस्ट गाइड को प्रशिक्षित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कहा कि गुलमर्ग की तरह पहलगाम में भी एडवेंचर टूरिज्म की काफी संभावनाएं हैं। सभी पर्यटक स्थलों को विभिन्न प्लेटफार्मों के जरिये प्रोत्साहित करने की जरूरत है।
पहलगाम के विजेताओं को 50 हजार का इनाम
पहलगाम में विंटर कार्निवाल के दौरान आयोजित विभिन्न श्रेणी की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उप राज्यपाल ने 50 हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया गया।