पौनी के खड्डानार इलाके में दामाद द्वारा अपने ससुर पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले लेने का मामला सामने आया है। किसी बात पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की पिटाई कर दी। युवती के पिता ने इसका विरोध किया तो दामाद बुजुर्ग पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ससुर की हत्या करने के बाद दामाद मौके से फरार हो गया।
बताया जाता है कि राजोरी के खवास इलाके के रहने वाले लालचंद ने एक लड़की को गोद लिया था। उसने अपनी लड़की की शादी पौनी के खड्डानार निवासी मंगतराम के साथ की थी। शादी के बाद वे अपनी बेटी के पास ही रहते थे। शनिवार की आधी रात लालचंद के दामाद ने किसी बात पर अपनी पत्नी की पिटाई कर दी। इसका युवती के पिता लालचंद ने विरोध किया। बहसबाजी के बीच मंगतराम आगबबूला हो गया और गुस्से में अपने ससुर पर चाकू से हमला कर दिया।
बजुर्ग लालचंद जब तक संभल पाते तब तक मंगतराम ने उनके ऊपर कई वार कर दिए। इससे लालचंद के शरीर से काफी खून बह गया और वह वहीं गिर गए। शरीर में कई गहरे घाव होने और काफी खून बह जाने से लालचंद की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मंगतराम मौके पर से फरार हो गया। बाद में उनकी बेटी ने आसपास रहने वाले अपने रिश्तेदारों को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लालचंद के शव को अपने कब्जे में ले लिया। रविवार सुबह स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे रिश्तेदाराें के सपुर्द कर दिया गया। पौनी पुलिस ने इस संदर्भ में अंडर सेक्शन 302 के तहत केस दर्ज कर लिया है। ससुर की हत्या करने के बाद मौके पर से फरार हुए उसके दामाद की पुलिस तलाश कर रही है।