गाजा पर हमलों के विरोध में हिंसक प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर नियंत्रण पाने को सुरक्षा बलों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई जबकि तीन अन्य प्रदर्शनकारी घायल हो गए। कुलगाम जिले के खड़वानी इलाके में हुई इस घटना के बाद आसपास के इलाकों में भी लोग सड़कों पर उतर आए और सुरक्षा बलों के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे।
हालात तनावपूर्ण होने के चलते प्रशासन की ओर से इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती किए जाने के साथ ही धारा 144 लागू कर दी गई है। युवक की मौत के विरोध में हुर्रियत की ओर से रविवार को कश्मीर बंद का आह्वान किया गया है। मृतक की पहचान 15 वर्षीय सुहेल अहमद के रूप में हुई है।
शनिवार को जिला कुलगाम के खड़वानी इलाके में इज़राइल द्वारा गाजा पर किए जा रहे हमलों के विरोध में लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। शाम चार बजे करीब प्रदर्शनकारियों ने हिंसक हो उठे। प्रदर्शनकारियों पर नियंत्रण पाने और उन्हें खदेड़ने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लाठीचार्ज किया गया।