नए साल के पहले दिन जम्मू संभाग के नत्थाटाप में बर्फबारी हुई। बर्फबारी की आस लगाए बैठे लोग कुदरत के इस तोहफे को देख खिलखिला उठे। कश्मीर वादी के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में भी हिमपात होेने की सूचना है। हालांकि राजधानी शहरों जम्मू और श्रीनगर में मौसम खुश्क ही बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार रियासत में तीन से लेकर सात जनवरी तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने चार और छह जनवरी को बड़े पैैमाने पर बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान दिया है। वहीं कारगिल रियासत में - 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। लेह में तापमान - 7.0 रहा। कश्मीर घाटी के सभी इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस में रहने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
जम्मू में बनिहाल में न्यूनतम तापमान 1.2 रहा और भद्रवाह में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जम्मू में अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी दिनों पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने के आसार के चलते पर्यटकों के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना है।