रियासत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शनिवार को कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में हलकी बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई। जम्मू संभाग में बादल छाए रहे।
इस बीच जम्मू से श्रीनगर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग एकतरफा बहाल रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जम्मू और कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम के मुताबिक ही रविवार को हाईवे पर यातायात छोड़ा जाएगा।
ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित घाटी के अन्य इलाकों में शुक्रवार की रात मूसलाधार बारिश होती रही, लेकिन शनिवार दिनभर यह सिलसिला रुक-रुक कर जारी रहा। विश्वविख्यात पर्यटक स्थल गुलमर्ग, सोनमर्ग, पवित्र अमरनाथ गुफा सहित अन्य पर्वतीय इलाकों में हलकी बर्फबारी हुई। हालांकि घाटी में रात का पारा सामान्य से 5-6 डिग्री ऊपर चल रहा है।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री ऊपर 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू संभाग के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात का पारा सामान्य से 8-9 डिग्री ऊपर चला गया है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में रात का पारा सामान्य से नौ डिग्री चढ़कर 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में दिन का पारा तीन डिग्री अधिक 25.2 और रात का पांच डिग्री अधिक 16.2 डिग्री रहा।
मौसम विशेषज्ञ यशपाल शर्मा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के दौरान हवा के अधिक दबाव से धरती पर तापमान में बढ़ोतरी हो जाती है, जो एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान दोबारा गिर जाता है।
एसएसपी ट्रैफिक हाईवे संजय भगत के अनुसार अभी जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को एकतरफा बहाल रखा गया है। उधमपुर, रामबन और बनिहाल के बीच कई जगह भूस्खलन का खतरा बना रहता है।