एलओसी पर नौशेरा सेक्टर के पुखरणी गांव में शनिवार देर रात पाकिस्तानी सेना के स्नाइपर शॉट से एक व्यक्ति घायल हो गया। वहां से लाकर उसे जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जाती है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हीरानगर सेक्टर में भी पाकिस्तानी रेंजर्स ने एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इसका बीएसएफ के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
घायल की पहचान मोहम्मद इसहाक निवासी पुखरणी के रूप में हुई है। शनिवार रात को वह घर के बाहर शौच के लिए गया था। इस दौरान पाकिस्तानी स्नाइपर शॉट से वह घायल हो गया। गोली उसकी कमर में लगी है। जानकारी मिलते ही परिजनों ने उसे राष्ट्रीय राइफल बटालियन लाम के सब सेंटर पहुंचाया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उपजिला अस्पताल नौशेरा रेफर कर दिया। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हीरानगर सेक्टर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा पार पप्पू चक पोस्ट से 80 विंग चिनाब रेंजर्स ने चांदवा पोस्ट पर शनिवार देर रात पांच-छह राउंड फायर किए। बीएसएफ की 19 बटालियन के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। सनद रहे कि मई माह में पाकिस्तान की ओर से चांदवा पोस्ट क्षेत्र में चौथी बार सीजफायर का उल्लंघन किया है। सीमा पर डिच बनाने का काम जारी है, जिसे बाधित करने का पाकिस्तानी रेंजर्स प्रयास करते रहते हैं।