पुलिस ने कहा- पुलिस को आता देख मवेशियों को छोड़ पैदल ही भाग जाते तस्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला पुलिस ने पशु तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए रविवार रात को विशेष नाके लगाकर कड़ी कार्रवाई की। उन्होंने 16 मामलों में कार्रवाई कर 205 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया है और 16 शिकायतें भी दर्ज की हैं। लेकिन, पुलिस किसी भी तस्कर को नहीं पकड़ पाई।
पुलिस ने बताया है कि आधी रात को क्षेत्र में अवैध और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए बसंतर नदी के किनारे विशेष गश्त और नाके लगाए गए थे। गश्त के दौरान पुलिस ने शाह बलोढ, सांबा के पास बसंतर नदी के तल पर अलग-अलग दलों में पैदल ले जाए जा रहे 205 मवेशियों को देखा गया। पुलिस ने इन पर कार्रवाई की और सभी मवेशियों को मुक्त करवा लिया। लेकिन, पुलिस के हाथ एक भी कार्रवाई में कोई तस्कर नहीं लगा। पुलिस का कहना है कि तस्कर पुलिस को आता देख मवेशियों को छोड़कर पैदल ही भाग जाते थे।
एसएसपी सांबा बेनाम तोश ने बताया है कि पुलिस ने मवेशी तस्करी के कुल 16 प्रयासों को विफल किया गया है, और सोलह एफआईआर दर्ज की गई हैं। सांबा पुलिस ने डेढ़ महीने में 266 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया है।