रामबन। पुलिस ने रविवार को नाशरी बटोत और चंद्रकोट में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान सात वाहनों में अवैध रूप से ले जाए जा रहे 82 मवेशियों को छुड़ाया। इस दौरान तस्करी के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
जानकारी के मुताबिक जम्मू श्रीनगर राजमार्ग पर कश्मीर की ओर जा रहे सात वाहनों को रोका गया। इनसे पुलिस ने 82 मवेशी बरामद किए। वाहनों में सवार चालकों के पास इनको ले जाने की सरकारी अनुमति नहीं थी। पुलिस ने उसी समय मवेशियों को मुक्त करा कर सात लोगों को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने ऑपरेशन कामधेनु के तहत 82 मवेशियों को बचाया है। गिरफ्तार किए लोगों की पहचान नर कोकरनाग निवासी यासिर अहमद खटाना, काजीकुंड निवासी अरशद अहमद, कुलगाम निवासी मोहम्मद जुनैद, मैत्रा रामबन निवासी मंशाद, बशारत निवासी सरदार अली, रामबन निवासी अहमद गूल और बेली चराना जम्मू निवासी रियाज अहमद के रूप में की है।