पंजाब की सीमा से सटे इलाकों में इन दिनों सीमेंट तस्कर सक्रिय हैं। नगरी, कोटपुन्नू इलाकों से विभिन्न विभागों के नाकों को धता बताकर तस्कर बड़े ट्रकों में सीमेंट बेधड़क ला रहे हैं। जानकारी के अनुसार कुछ स्थानीय लोग इन ट्रकों और लोड कैरियर को पार लगाने में उनकी मदद में जुटे हुए हैं।
यही नहीं इसमें कई विभागों के कर्मचारियों की मिली भगत का भी आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के लिए भी इस रूट से गुजरने वाले तस्करों के वाहन सिरदर्द बने हुए हैं। इन गांवों के बीचों बीच बेलगाम तरीके से दौड़ते वाहनों से हादसे का अंदेशा भी बना रहता है।
बीते दिन जम्मू में लीगल मिट्रोलाजी विभाग की टीम ने भी चार सीमेंट विक्रेताओं के यहां जांच कर पंजाब का सीमेंट पकड़ा था। दरअसल जहां पंजाब और जम्मू कश्मीर में बिकने वाले सीमेंट की पैकिंग में अंतर रहता है वहीं दूसरी ओर दाम में भी भारी अंतर है।
ऐसे में तस्कर पंजाब से सस्ते में सीमेंट मंगवाकर उन्हें जम्मू कश्मीर के ही दाम पर बेचकर मोटा मुनाफा वसूल रहे हैं। जिस रूट से सीमेंट की तस्करी जम्मू कश्मीर में की जाती है उसपर पुलिस समेट आबकारी विभाग के भी नाके हैं। ऐसेे में तस्करों के वाहन किस तरह से इन नाकों को आसानी से पार कर जाते हैं यह भी सवालों के घेरे में है।