श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र सनत नगर में आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले को मंगलवार शाम निशाना बनाया। हालांकि, हमले में किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। जवानों की जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी के घायल होने की आशंका है। घटना के बाद पूरे इलाके को घेर कर सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार दो आतंकी सनत नगर चौक पर पहुंचे और ट्रैफिक में फंसी सीआरपीएफ की गाड़ियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाते हुए मौके से फरार हो गए। सीआरपीएफ द्वारा भी जवाबी कार्रवाई की गई। कुछ मिनट तक फायरिंग जारी रही।
सीआरपीएफ के प्रवक्ता ने बताया कि सनत नगर में आतंकियों द्वारा ड्यूटी से लौट रही सीआरपीएफ की गाड़ियों को निशाना बनाया गया। इसकी चपेट में सी/29 बटालियन की एक गाड़ी आ गई। इसमें सीआरपीएफ के वह जवान सवार थे जो सचिवालय से ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे।
हमले में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। सीआरपीएफ के जवानों द्वारा भी आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया। इसमें एक आतंकी के घायल होने की आशंका है। सीआरपीएफ के जवानों ने काफी संयम बरता नहीं तो मौके पर नागरिकों को काफी नुकसान पहुंच सकता था।