विधान परिषद में हिज्ब के आतंकी बुरहान वानी के खिलाफ नारे गूंजे। उसके द्वारा दिए गए बयान पर भाजपा विधायकों ने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।
जैसे ही सदन की कार्रवाई शुरू हुई तो विपक्ष ने साध्वी प्राची के विवादास्पद बयान पर सदन में प्रस्ताव की मांग रखी। इस पर भाजपा और विपक्ष के विधायकों के बीच बहस हुई।
भाजपा के विधायकों ने उन पर आरोप लगाया कि ऐसा कर आप हिज़्ब के आतंकी बुरहान और पाकिस्तान को खुश करना चाहते हो। इस बीच सदन में भाजपा एमएलसी सुरिंदर ने एक अखबार का हवाला देते हुए हिज़्ब के मोस्ट वांटेड कमांडर के बयान पर विरोध जताया। अन्य भाजपा विधायकों द्वारा उनका समर्थन किया गया। उन्होंने मांग की कि ऐसे बयान देने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा एमएलसी ने हिजबुल मुजाहिदीन और मोस्ट वांटेड कमांडर बुरहान वानी के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने अमर उजाला को बताया कि बुरहान द्वारा जो बयान कश्मीरी पंडितों को लेकर दिया गया है, वह उसका विरोध करते हैं।
उन्होंने कहा कि अखबार में जारी बयान में बुरहान ने कहा है कि कश्मीरी पंडित अगर वापस कश्मीर आएंगे, तो वह उन्हें नहीं आने देगा। उन्होंने कहा कि उनके विरोध के बाद चेयरमैन द्वारा आश्वासन दिलाया गया कि मामले पर गौर किया जाएगा।