- एआई-सक्षम उन्नत कृषि की मुख्य थीम पर होगा समिट
- उद्योगों, स्टार्टअप, शोधकर्ताओं, विस्तार पेशेवरों को मिलेगा एक साथ आने का मौका
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी ऑफ जम्मू की ओर से एग्रीकल्चर समिट और किसान मेला करवाया जा रहा है। 11 से 13 फरवरी तक यूनिवर्सिटी मुख्य परिसर चाठा में तीन दिवसीय मेगा इवेंट एआई-सक्षम उन्नत कृषि की मुख्य थीम पर होगा।
वीसी प्रो. बीएन त्रिपाठी ने बताया कि मेले का उद्देश्य कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन, ग्रामीण विकास, कृषि से जुड़े उद्योगों, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं, विस्तार पेशेवरों और किसानों से जुड़े सभी प्रमुख हितधारकों को साझा मंच पर लाना है। यह समिट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित स्मार्ट टेक्नोलॉजी, डेटा संचालित निर्णय समर्थन प्रणालियों, सटीक कृषि, जलवायु स्मार्ट प्रथाओं और डिजिटल नवाचारों पर विशेष जोर देगा। मेला किसानों, वैज्ञानिकों, उद्यमियों और नीति निर्माताओं के बीच एक अद्वितीय इंटरफेस के रूप में काम करेगा।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में बेहतर फसल किस्मों, आधुनिक कृषि मशीनरी, जैविक और प्राकृतिक खेती, उद्यमिता और स्टार्टअप मॉडल, मूल्य संवर्धन और बाजार संबंधों पर विशेषज्ञ सत्र होंगे। विशेष आकर्षणों में किसान-वैज्ञानिक बातचीत, उन्नत प्रौद्योगिकियों के लाइव प्रदर्शन, उद्यमिता कार्यशालाएं, महिलाओं और युवा किसानों के लिए समर्पित कार्यक्रम व प्रगतिशील किसानों का सम्मान शामिल होगा। इस दौरान कृषि शिखर सम्मेलन और किसान मेला का ब्रोशर जारी किया गया। इसमें किसानों, उद्यमियों और अन्य हितधारकों के लिए विषय, कार्यक्रम की मुख्य बातें, पंजीकरण विवरण और भागीदारी के तरीकों की रूपरेखा दी गई थी।