भद्रवाह। डोडा जिले के भद्रवाह में प्रवासी मजदूरों के कोरोना टैस्ट के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। इसमें 240 प्रवासी मजूदरों के रैपिड एंटीजन टेस्ट (रैट) किए गए। बुधवार को चलाए गए इस अभियान में ज्यादातर बिहार और यूपी राज्यों से आए मजदूरों के टैस्ट किए गए। इनमें 98 प्रतिशत परीक्षणों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। केवल 6 मजदूरों संक्रमित मिले हैं, जिन्हें आइसोलेट कर अस्पताल भेज दिया गया।
नोडल अधिकारियों के साथ एसडीएच की पैरामेडिकल की एक टीम ने पुलिस के सहयोग से चौगान बाजार में अभियान चलाया। इस दौरान सभी श्रमिकों को कोविड-19 परीक्षण के लिए कहा और 240 प्रवासी मजदूरों के टेस्ट किए गए। नोडल अधिकारी आरिफ खतीब ने बताया कि 98 प्रतिशत मजदूरों के टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनमें केवल छह ही संक्रमित मिले हैं। उन्हें तुरंत आइसोलेट कर अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि एडीसी ने मंगलवार को भद्रवाह में सड़क या पैदल मार्ग से आवागमन करने वालों के लिए भी दिशानिर्देश जारी किए हैं। सभी के लिए आरटी-पीसीआर या रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाना अनिवार्य किया है।