तरनतारन, अमृतसर (पंजाब) में रविवार को बारातियों से भरी बस पलटने से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए थे। सोमवार को वाल्मीकि कालोनी निवासी पिंकी (32) और सजल (10) को जीएमसी लाया गया है। मृतकों में विक्की, यशवंत, प्रीतो, तनीशा, कांता और रानी शामिल हैं। यह वाल्मीकि कालोनी, गांधीनगर जम्मू के रहने वाले थे।
जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह जम्मू की वाल्मीकि कालोनी, गांधीनगर से परमजीत की शादी के लिए बस पट्टी, तरनतारन के लिए रवाना हुई। शादी के बाद दूल्हे के मामों को छोड़ने के लिए बस वाया झब्बाल रोड से आ रही थी, तभी रास्ते में अचानक चालक का नियंत्रण बस के स्टेरिंग से हट गया, जिससे वह पलट गई।
हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मृतकों में कुछ नगर निगम के कर्मचारी बताएं जा रहे हैं। दो घायलों को जीएमसी रेफर किया गया है। दोनों को पहले अमृतसर के गुरुनानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें जम्मू रेफर कर दिया गया।