पीडीपी ने विधान परिषद चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों का ऐलान सोमवार को कर दिया। दो मार्च को 11 सीटों के लिए होने वाले मतदान के लिए पीडीपी ने छह सीटों पर ही अपने उम्मीदवार खड़े करने का फैसला लिया है।
पीडीपी कश्मीर की तीन, जम्मू से दो और कारगिल से एक सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि पांच सीटें गठबंधन सहयोगी भाजपा के लिए छोड़ी हैं। भाजपा जम्मू की तीन, कश्मीर और लेह की एक-एक सीट पर उम्मीदवार उतारेगी।
पीडीपी के मुख्य प्रवक्ता नईम अख्तर ने अमर उजाला को बताया कि छह उम्मीदवारों में जम्मू संभाग से दो सुरेंद्र चौधरी और फिरदौस टाक शामिल हैं।
कश्मीर संभाग से जावेद मिर्चाल, सैफुद्दीन भट्ट, यासिर रेशी को उतारा गया है। पार्टी ने कारगिल से इनायत अली को उम्मीदवार बनाया है।
चुनाव आयोग की ओर से जिन 11 सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी की गई है। उनमें कश्मीर की चार, जम्मू संभाग की पांच और लेह और कारगिल की एक-एक सीट शामिल है।
नंबर गेम के हिसाब से भी विधान परिषद चुनाव में कुल 11 सीटों में से भाजपा पीडीपी गठबंधन के सात उम्मीदवार सेफ जोन में होंगे। नेकां-कांग्रेस गठबंधन से मुकाबला केवल चार सीटों के लिए हो पाएगा।