डेंगू का डंक जारी है। सोमवार को छह और नए मामले पाजिटिव पाए गए। जम्मू संभाग में डेंगू के पीड़ितों का आंकड़ा 108 तक पहुंच गया है।
इसकी पुष्टि करते हुए स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डा. बलजीत सिंह पठानिया ने कहा कि पारा गिरने के साथ डेंगू पर थोड़ा अंकुश लगा है, लेकिन एहतियात के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
लखनपुर से लेकर डोडा जिले तक के इलाके डेंगू से प्रभावित हुए हैं। इनमें कई मामले बाहरी राज्यों से यहां पहुंचे हैं। मच्छरों के लिए पनपने में जिला कठुआ का कंडी इलाका ज्यादा मददगार साबित हुआ है। स्वास्थ्य सेवा निदेशक के अनुसार अभी तक डेंगू के संभावित मरीजों के 652 टेस्ट किए गए हैं।