राज्य के छह मंत्रियों ने विधानसभा चुनाव लड़ने से पूर्व आयकर रिटर्न नहीं भरी थी। चुनाव आयोग को दाखिल किए गए हलफनामे के अनुसार पीपल्स डेमाक्रेटिक पार्टी के पांच और भारतीय जनता पार्टी के एक मंत्री ने चुनाव से पूर्व अपनी आयकर रिटर्न दाखिल नहीं की थी।
इनमें कानून एवं संसदीय मामले मंत्री सैयद बशारत बुखारी, बागवानी मंत्री अब्दुल रहमान वीरी और राजस्व मंत्री जावेद मुस्तफा मीर प्रमुख रूप से शामिल हैं। रिटर्न भरने से परहेज करने वाले मंत्रियों में पांच पीडीपी के और एक भाजपा से सुखनंदन कुमार शामिल हैं।
मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद, शिक्षा मंत्री नईम अख्तर तथा स्वास्थ्य मंत्री चौधरी लाल सिंह उन पांच मंत्रियों में शामिल हैं जिन्होंने आयकर रिटर्न दाखिल किया था।
विपक्ष से कई बार चुने जाने वाले 20 विधायकों में से तीन ने चुनाव से पहले रिटर्न दाखिल नहीं किया था। इनमें नेकां के दो विधायक-अगा रुहल्लाह व शमीमा फिरदौस तथा कांग्रेस के अब्दुल राशिद डार शामिल हैं।
ज्ञात हो कि रिटर्न न दाखिल करने पर पांच हजार रुपये जुर्माना का प्रावधान है। 87 सदस्यीय विधानसभा में 56 सदस्य पहली बार सदन में पहुंचे हैं।