श्रीनगर में अलगाववादियों के संगठन जेआरएल की बंद काल से वीरवार को घाटी का जनजीवन प्रभावित रहा। बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही, जबकि सरकारी और निजी संस्थान में कामकाज ठप रहा। सड़कों पर यातायात की कमी रही।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर डाउन टाउन सहित कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रखी और किसी भी प्रकार की बंदिश लागू नहीं की। बंद के चलते बारामुला से बनिहाल चलने वाली ट्रेन सेवा भी ठप रही।
दक्षिणी कश्मीर के हालात में सुधार को देख प्रशासन ने यहां के कई क्षेत्रों में करीब एक माह बाद 4जी मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को फिर बहाल किया। बताया जा रहा है कि दक्षिणी कश्मीर के अवंतीपोरा, पुलवामा, शोपियां सहित कुलगाम के कुछ क्षेत्रों में वीरवार को 4जी मोबाइल इंटरनेट सेवा को बहाल किया गया। अलगाववादी नेता सैय्यद अली शाह गिलानी सहित मिरवाइज उमर फारूक को वीरवार को भी नजर बंद रखा गया, जबकि यासीन मालिक को एहतियातन हिरासत में रखा गया।
गौरतलब है कि बुधवार को श्रीनगर से सटे नौगाम के सूथु कुठेर बाग इलाके में एक मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने पर जेआरएल ने वीरवार को बंद की काल दी थी।