जम्मू। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड को श्रीनगर में कार्यालय के निर्माण के साथ-साथ शिवभक्तों की सुविधा के लिए यात्री निवास के निर्माण के लिए राजस्व विभाग ने 25 कनाल भूमि पंथाचौक में आवंटित करने को मंजूरी प्रदान कर दी है।
राजस्व विभाग के प्रधान सचिव शालीन काबरा की तरफ से जारी आदेश के तहत श्रीनगर के पंथाचौक तहसील के गांव पंथाचौक में 25 कनाल भूमि लीज के आधार पर 40 साल के लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के हक में आवंटित की जा रही है। इस भूमि के लिए बोर्ड को प्रति वर्ष दस रुपये प्रति कनाल के हिसाब से ग्राउंड रेंट चुकाना होगा।
जिस दिन से बोर्ड भूमि पर कब्जा लेता है, उस दिन से लीज को प्रभावी माना जाएगा। सरकार की तरफ से श्रीनगर के जिला उपायुक्त को बोर्ड के साथ लीज समझौते पर हस्ताक्षर करने को कहा गया है। जेएंडके लैंड ग्रांट एक्ट 1960 के अंतर्गत नियमों के तहत श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड को कार्यालय व यात्री निवास के निर्माण के लिए भूमि आवंटित की गई है।